द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय में 26 दिसंबर की मध्यरात्रि हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने जांच और तेज़ कर दी है। शुभ लक्ष्मी कपड़ा दुकान और मुन्ना ज्वेलर्स से करीब 50 लाख रुपये की चोरी के बाद अब पुलिस इस कांड के उद्भेदन को लेकर पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है। गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने अपने कार्यालय में बिशुनपुरा चोरी कांड की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अब तक की जांच की प्रगति की जानकारी ली और मामले के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर उंटारी के एसडीपीओ सतेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। इस टीम में जिले के सात थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी शामिल किए गए हैं, ताकि अलग-अलग बिंदुओं पर एक साथ जांच की जा सके। बैठक में एसपी अमन कुमार ने SIT के सदस्यों के साथ उच्चस्तरीय चर्चा करते हुए चोरी से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने का निर्देश दिया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और आरोपियों की पहचान की जा सके।

इसके साथ ही पुलिस चोरी की घटना के दिन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाल रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय इलाके में कौन-कौन संदिग्ध सक्रिय था। वहीं, चोरी के मामलों में पहले जेल जा चुके अपराधियों की सूची भी तैयार की जा रही है, यह जांचने के लिए कि हाल के दिनों में कौन-कौन से अभियुक्त जेल से रिहा हुए हैं। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ की पुलिस से भी सहयोग मांगा है। आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में अंतरराज्यीय गिरोह शामिल हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी कांड का खुलासा किया जाएगा। SIT की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मामले में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
