द फॉलोअप डेस्क:
खूंटी जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के तिलमी जंगल में हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाए गए प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के एक कमांडर ने पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथ छह अन्य उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया है।
.jpg)
पुलिस से हथियार छीनने का प्रयास
मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार पीएलएफआई कमांडर श्रवण दास से पूछताछ के दौरान हथियार छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस उसे बरामदगी के लिए तिलमी जंगल लेकर गई थी। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचने के बाद उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना और हथियार का इस्तेमाल करने की कोशिश करने लगा। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

जंगल से हथियार, गोलियां, अहम दस्तावेज बरामद
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान श्रवण दास के छह सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान जंगल से हथियार, गोलियां और संगठन से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और क्षेत्र में अभियान अभी भी जारी है। सुरक्षा एजेंसियां संगठन के नेटवर्क और अन्य सक्रिय सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं।