द फॉलोअप डेस्क
पलामू पुलिस ने अपहरण के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन एवं एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। बीते 30 मार्च को भट्टी मोहल्ला के समीप सद्दाम कुरैशी और उसके सहयोगियों द्वारा आनंद कुमार रवि के अपहरण का प्रयास किया गया। इस वारदात का विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में शहर थाना में 31 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सभी आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो (संख्या JH01 GJ 3950) से जिले से बाहर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिस्फोटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के समीप चेकनाका लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

31 मार्च की रात लगभग 10:45 बजे पुलिस ने संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर रोका और उसमें सवार सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन सहित स्कॉर्पियो वाहन को बरामद किया गया। इस कार्रवाई के संबंध में शहर थाना में 1 अप्रैल (बुधवार) को भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत एक और मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कांड के गिरफ्तार अभियुक्तों में सद्दाम कुरैशी, छोटू चंद्रवंशी, सूरज चंद्रवंशी, रितेश चंद्रवंशी उर्फ मामा, वशीम अहमद उर्फ बंटी कालिया, वशीम अकरम, रौशन चंद्रवंशी और किशु गुप्ता शामिल है। वहीं गिरफ्तार हुए सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है तथा इनके विरुद्ध पूर्व में हत्या एवं रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
