द फॉलोअप डेस्क
नई दिल्ली में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 39 से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। मुआल्कात में जोरकट टोल प्लाजा, बरहमोरिया फ्लाइओवर में दरार, डालटनगंज बाईपास एनएचएआई फोरलेन सड़क पर दो प्रमुख स्थान पोखराहा (डालटनगंज-पांकी रोड) और जोड़ (डालटनगंज-बैरिया-पाटन रोड) पर फ्लाइओवर निर्माण और अधूरे सड़कों को पूरा कराने के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा एनएच 39 पर जोरकट में टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के अंतराल में रहने वाले लोगों के लिए पास बनाए जाएंगे। इन्हें कैम्प लगाकर संबंधित लोगों के बीच एनएचएआई और जिला प्रशासन द्वारा वितरित किया जाएगा। एनएच 39 में हिसरा पोखराहा से जोरकट (टोल प्लाजा के पास) लगभग 3.5 कि.मी., चियांकी शहरी क्षेत्र सर्विस रोड एवं फ्लाइओवर एप्रोच 1 कि.मी., सिंगरा कलां शहरी क्षेत्र सर्विस रोड फ्लाइओवर एप्रोच 0.5 कि.मी., और लोहड़ा, पंडवा एवं राजहरा गांव क्षेत्र लगभग 1.5 कि.मी. तक अधूरे कार्यों को पुनः प्रारंभ कर पूरा किया जाएगा। बरहमोरिया के पास निर्माणाधीन फ्लाइओवर में दरार की सूचना मिलने पर उच्चस्तरीय जांच के लिए दिल्ली से टीम गठित की जाएगी। टीम स्थल पर जाकर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर एनएचएआई द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह सुनिश्चित किया गया है कि सभी अधूरे और निर्माणाधीन कार्य जल्द से जल्द पूरा कर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुसार सड़क उपयोग के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
