पलामू
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 3:30 बजे कोयला लदा एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त मकान शिव साव का है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर के सदस्य अंदर सोने के बजाय छत पर सो रहे थे। भीषण गर्मी के कारण परिवार ने छत पर रात बिताने का फैसला किया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अगर परिवार घर के अंदर सो रहा होता, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी। हादसे के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है।

केबिन में फंसा चालक, ग्रामीणों ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा तेज गति में था और अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सीधे मकान से जा टकराया। दुर्घटना में हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक का पैर केबिन में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कटर मशीन मंगाकर काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस जांच में जुटी, मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। वहीं, मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।