logo

ग्राम प्रधान हत्याकांड का खुलासा, महज 8 घंटे में कातिल को ढूंढ़ लाई पुलिस; खून लगी टांगी बरामद

ग्राम प्रधान हत्याकांड का खुलासा, महज 8 घंटे में कातिल को ढूंढ़ लाई पुलिस; खून लगी टांगी बरामद

पाकुड़:

पाकुड़ के अमड़ापाड़ा थानाक्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 8 घंटे में आरोपी तक पहुंचने का दावा किया है। पुलिस ने गांव के ही धर्मा पहाड़िया (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून लगा गमछा बरामद किया गया है। 21 सितंबर को छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी।

मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया।

तकनीकी जांच के साथ शुरू हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
एसआईटी ने तकनीकी टीम, फिंगरप्रिंट टीम और स्वान दस्ते के साथ घटनास्थल की जांच की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राम प्रधान की रात में घर में घुसकर सोते समय गला काटकर हत्या की गई थी। इसके बाद मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। इसी दौरान पुलिस ने धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर मिले अहम साक्ष्य
पुलिस के अनुसार,आरोपी की निशानदेही पर लकड़ी के बेंत वाली एक टांगी बरामद की गई, जिस पर खून जैसा पदार्थ लगा था। इसके अलावा नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा भी बरामद हुआ, जिस पर खून लगा था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में अमड़ापाड़ा थाना के अलावा लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और पाकुड़िया थाना पुलिस, विशेष छापामारी दल तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
 

Tags - Gram Pradhan MurderPakur PoliceBamna PahariaCrime