साहिबगंज
साहिबगंज में पहाड़िया समाज के लोगों ने डीसी ऑफिस का घेराव किया। वे अपने गांव में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर उपायुक्त से मुलाकात करने आए थे, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। सोमवार को बिचमाको गांव से आदिम पहाड़िया जनजाति समाज के सैकड़ों लोग पेयजल, पक्की सड़क, बिजली और आवास जैसी जरूरी बुनियादी सुविधाओं की मांग लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे। उपायुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी तो वे उनके सरकारी वाहन को घेरकर खड़े हो गए और कहा कि उनकी समस्याएं सुनी जाए।

ग्रामीणों से मिले अपर समाहर्ता गौतम भगत
उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर अपर समाहर्ता गौतम भगत ने ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने आदिम पहाड़िया जनजाति समाज के लोगों की समस्याओं को विस्तार से सुना और समाधान का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में सड़क नहीं है। पक्की सड़क नहीं होने से गंभीर रूप से बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। ऐसे में कई बार अनहोनी की आशंका होती है। शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं है। बिजली नहीं होने से भी कई समस्याएं होती हैं।

6 महीने में गांव में पक्की सड़क बनाने का वादा
ग्रामीणों की समस्या को ध्यान से सुनते हुए अपर समाहर्ता गौतम भगत ने उनको आश्वासन दिया कि उनके गांव को पीएम जन-मन योजना से जोड़कर वहां बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। अपर समाहर्ता ने भरोसा दिलाया कि 6 महीने के भीतर सड़क निर्माण का काम पूरा किया जाएगा।