logo

पलामू में शादी के भोज के बाद बिगड़ी 100 से अधिक लोगों की तबीयत, कई की हालत गंभीर

bjhvbsetg.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत बोहिता गांव के पोखर पार टोला में फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं, जिनमें से करीब दो दर्जन से अधिक लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि बोहिता गांव के निवासी हरिशंकर चंद्रवंशी के बेटे की शादी समारोह में ग्रामीणों और बारातियों के लिए भोज का आयोजन किया गया था। समारोह में शामिल लोगों ने पूड़ी, बुंदिया और सब्जी खाई थी। लेकिन बारात के जाने के कुछ देर बाद ही लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार लोगों का इलाज शुरू किया गया।
बीमारों को लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतबरवा के निजी क्लीनिक और मेदिनीनगरके एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण गांव के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के बरामदे में अस्थायी कैंप लगाकर भी इलाज किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक जिस तेल में पूड़ी तली गई थी उसमें छिपकली गिरने की आशंका जताई जा रही है, जिससे खाना जहरीला हो गया और लोग बीमार पड़ गए। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए हैं। पलामू के सिविल सर्जन ने बताया कि सभी बीमार लोगों में डायरिया के लक्षण पाए गए हैं और सभी के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। वहीं मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल में भी मरीजों के पहुंचने के बाद अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। अस्पताल प्रबंधन ने इमरजेंसी वार्ड खाली कर मरीजों के इलाज की व्यवस्था की है। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Tags - Palamu food poisoning news Jharkhand mass food poisoning incident 100 people sick after wedding feast Palamu Palamu health department emergency Diarrhea outbreak in Palamu Leslieganj community health center treatment MMC Hospital Medininagar emergen