logo

गढ़वा में बेकाबू घोड़े ने एक वर्षीय बच्ची को कुचला, मौके पर मौत; दूसरी गंभीर

ेोलकग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिला के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत खोलरा गांव स्थित के बी ईंट भट्ठा परिसर में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट ढोने वाले बेकाबू घोड़े ने एक वर्षीय बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। मृत बच्ची की पहचान काव्य कुमारी (1 वर्ष) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय आरती कुमारी का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरती की एक आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। 


जानकारी के अनुसार, मृतका काव्य के पिता सतीश कुमार केवट छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के गोवाडीह गांव के निवासी हैं, जबकि घायल आरती के पिता अघनू केवट बिलासपुर के ही हरदी गांव के रहने वाले हैं। दोनों परिवार के बी ईंट भट्ठा पर ईंट बनाने का काम करते हैं। घटना के समय भट्ठा परिसर में इक्का-घोड़ा के माध्यम से कच्ची ईंट की ढुलाई की जा रही थी। इसी दौरान घोड़ा अचानक बेकाबू हो गया और पास में मौजूद दोनों बच्चियों को कुचल दिया। हादसे के वक्त बच्चियों के माता-पिता काम में व्यस्त थे और उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।


घटना के तुरंत बाद दोनों बच्चियों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने काव्य को मृत घोषित कर दिया। आरती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। देर रात खनन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। प्रशासन पूरे मामले की छानबीन में जुटा है।