logo

हाथियों की आपसी लड़ाई में एक की मौत, दांत गायब होने से हड़कंप

tuta1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के चाईबासा वन प्रमंडल अंतर्गत टोंटो और झींकपानी थाना क्षेत्र में हाथियों के आपसी संघर्ष में एक नर हाथी की मौत हो गई। मृत हाथी का शव टोंटो थाना क्षेत्र के सागरकाट्ठा और रोंमारा गांव के बीच जंगल में बरामद किया गया है। घटनास्थल से हाथी का दांत गायब मिलने के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, झींकपानी क्षेत्र में सक्रिय हाथियों के झुंड में मंगलवार देर रात दो नर हाथियों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हुई। इस दौरान एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि संघर्ष के दौरान हाथी का एक दांत टूटकर अलग हो गया था।

हालांकि, बुधवार सुबह जब जांच दल घटनास्थल पर पहुंचा, तब दांत वहां से गायब मिला। चाईबासा के वन प्रमंडल पदाधिकारी आदित्य नारायण अपनी टीम के साथ मौके पर कैंप कर मामले की जांच कर रहे हैं। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि दांत किसी स्थानीय ग्रामीण ने उठाया है या इसके पीछे किसी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की भूमिका है। पूरे इलाके में ड्रोन और गश्ती दलों के माध्यम से निगरानी बढ़ा दी गई है। इधर, झींकपानी के समीप चाईबासा–डंगवापोसी रेल खंड पर हाथियों का एक अन्य झुंड रेल पटरियों पर आ गया, जिससे हावड़ा मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम ने मशाल और सायरन की मदद से हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल वन विभाग का प्राथमिक लक्ष्य लापता हाथी दांत की बरामदगी और क्षेत्र में मौजूद हाथियों के झुंड को सुरक्षित वन क्षेत्र में बनाए रखना है।