logo

कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में कुख्यात अपराधी सिंटू सिंह गिरफ्तार, हथियार बरामद

कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में कुख्यात अपराधी सिंटू सिंह गिरफ्तार, हथियार बरामद

सरायकेला-खरसावां:

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थानाक्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th माइल होटल में हुए चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हत्याकांड की जांच के लिए गठित संयुक्त SIT ने मामले में संलिप्त कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चांडिल SDPO शिवप्रकाश कुमार ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, वीवी स्मार्टफोन, जिंदा कारतूस और लोडेड देसी पिस्टल बरामद किया गया है। 

24 अगस्त को हुआ था हत्याकांड
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि 24 अगस्त को आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में जमशेदपुर निवासी 33 वर्षीय निखार सबलोक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस उप-महानिरीक्षक (कोल्हान) के निर्देश पर हत्याकांड के उद्भेदन के लिए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त SIT गठित की गई थी। जांच के दौरान SIT ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक घटना में संलिप्त 6 शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

इसी क्रम में पुलिस को अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

वांछित अपराधी रहा है सिंटू सिंह
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सिंटू सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत करीब नौ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निखार सबलोक की हत्या की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और घटना से जुड़े अन्य लोगों से उसका किस प्रकार संपर्क था। SIT की लगातार कार्रवाई के बाद निखार सबलोक हत्याकांड में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Tags - Nikhar Sablok MurderSintu Singh ArrestedSaraikela KharsawanCrime News