द फॉलोअप डेस्क
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के हाउस अरेस्ट पर कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "कार्यक्रम की आड़ में समाज और शहर में अराजकता फैलाने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती है। अगर कार्यक्रम की आड़ में माहौल खराब करने की कोशिश की जाती है तो स्वाभाविक तौर पर प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। बीजेपी के नेता अराजकता का माहौल उत्पन्न करना चाहते हैं तो कार्रवाई इसीलिए भी जरूरी है क्योंकि ऐसे प्रदर्शन से जनता को परेशानी होगी और जनता की परेशानी को दूर करना हमारी प्राथमिकता है। वोट चोरी कर सत्ता हथियाने वाली बीजेपी को विकास के नाम पर पेट में दर्द हो रहा है।"
राकेश सिन्हा ने आगे कहा, "दूसरी बार सरकार गठन होने पर बीजेपी के लोग फ्रस्ट्रेशन में आ गए हैं, खासकर चंपाई सोरेन मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे थे। लेकिन बीजेपी ने उन्हें विपक्ष का नेता भी नहीं चुना और ना ही कोई जिम्मेदारी दी। इसलिए उनके पास कोई काम नहीं बचा, तो विकास को विनाश में बदलने का काम चुन लिया।"
