logo

रांची में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने सुनी बच्चे के रोने की आवाज, कपड़े में लिपटा नवजात बरामद

रांची में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने सुनी बच्चे के रोने की आवाज, कपड़े में लिपटा नवजात बरामद

रांची 

रांची रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में गुरुवार सुबह कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि नवजात महज कुछ दिन का है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह एक युवक मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी दौरान उसे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। युवक आवाज की दिशा में पहुंचा तो उसने कपड़े में लिपटे नवजात को देखा। उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर नवजात को छोड़ा गया था, वहां अक्सर आवारा कुत्तों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में अगर समय रहते बच्चे की जानकारी नहीं मिलती, तो उसके साथ अनहोनी हो सकती थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

बच्चे को वहां कब और कौन लेकर आया था

पुलिस ने नवजात को सुरक्षित कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चुटिया थाना प्रभारी ने बताया कि चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की ओर से थाने को नवजात के बरामद होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नवजात को वहां कौन छोड़कर गया, पुलिस इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। इसके लिए रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे को वहां कब और कौन लेकर आया था। इसके अलावा आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से हाल के दिनों में हुए प्रसव की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Tags - Ranchi Railway Station Newborn Baby Jharkhand Police Child Welfare Committee