logo

जमशेदपुर में लूट-डकैती के लिए बन रहा था नया गिरोह, तड़ीपार व मास्टरमाइंड समेत चार गिरफ्तार

जमशेदपुर में लूट-डकैती के लिए बन रहा था नया गिरोह, तड़ीपार व मास्टरमाइंड समेत चार गिरफ्तार

जमशेदपुर
जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस ने शहर में अपराध की योजना बना रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। बुधवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस ने गदड़ा स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में छापेमारी कर सभी को पकड़ा। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


नया गिरोह बनाकर वारदात की थी तैयारी
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकिर आलम के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार युवकों के साथ शिव नारायण रजक उर्फ चीलू भी शामिल था, जिसे बाद में जोजोबेड़ा से पकड़ा गया। सभी मिलकर एक नया गिरोह बना रहे थे और लेवी वसूली व डकैती जैसी वारदात को अंजाम देने की योजना थी।

आरोपियों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। रौशन सिंह पर लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं रौशन कुमार, आजाद पाल और शिव नारायण रजक पर भी फायरिंग, हत्या की कोशिश और अन्य गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Tags - JAMSHEDPUR CRIME CRIME UPDATE CRIME KHABAR JAMSHEDPUR FOUR ARRESTED