द फॉलोअप डेस्क
Florence College of Nursing में आज 22वां लैंप लाइटिंग और कैपिंग सेरेमनी समारोह आयोजित किया गया। बताते चलें कि इस कार्यक्रम में राज्य की कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, इस अवसर पर नर्सिंग विद्यार्थियों को पारंपरिक रूप से कैप पहनाकर सेवा की शपथ दिलाई गई। साथ ही कॉलेज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बताते चलें कि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने संबोधन में कहा कि Florence Group of Institutions के संस्थापक हाजी अहसान अंसारी द्वारा स्थापित मूल्यों और सिद्धांतों पर यह संस्थान निरंतर प्रगति कर रहा है। आगे उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी संस्थान ने शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन से कभी समझौता नहीं किया, जिसके कारण झारखंड ही नहीं बल्कि, अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी यहां अध्ययन के लिए आकर्षित होते हैं।
.jpeg)
मंत्री नेहा तिर्की ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा का मार्ग त्याग और समर्पण से भरा होता है। कई बार निर्धारित समय से आगे बढ़कर भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यहां कई आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राएं नर्सिंग शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनके माता-पिता ने कठिन हालात में उन्हें पढ़ने भेजा है। ऐसे में विद्यार्थियों को परिश्रम और लगन से अपने परिवार के सपनों को साकार करना चाहिए। राज्य सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। बताते चलें कि विशिष्ट अतिथि वेदांता हॉस्पिटल के एडवाइजर मंजूर अहमद अंसारी ने देश की नर्सों के प्रति सम्मान और गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ होती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नर्सिंग छात्र उत्कृष्टता और सेवा भावना के उच्च मानकों को बनाए रखेंगे और अपने समर्पण और करुणा से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे।

वहीं, हाजी अब्दूर रजक, एजूकेशनल सोसाइटी की सचिव जिन्नत कौसर ने कहा कि एक सफल नर्स के लिए मरीजों की भावनाओं और आवश्यकताओं को समझना तथा उनके प्रति संवेदनशील रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेशे के प्रति ईमानदारी, स्पष्ट संवाद, टीमवर्क और तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना नर्स के प्रमुख गुण हैं।
आगे उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी त्वरित और सही निर्णय लेने की क्षमता, स्वास्थ्य टीम के साथ बेहतर समन्वय, समय की पाबंदी और पेशेवर मानकों का पालन ही एक उत्कृष्ट नर्स की पहचान है।