logo

10 लाख के इनामी भाकपा माओवादी ने लातेहार में किया सरेंडर, झारखंड व बिहार में था सक्रिय

10 लाख के इनामी भाकपा माओवादी ने लातेहार में किया सरेंडर, झारखंड व बिहार में था सक्रिय

लातेहार 

10 लाख के इनामी भाकपा माओवादी ने लातेहार एसपी अंजनी अंजन के समक्ष आज सरेंडर कर दिया है। माओवादी का नाम लालदीप गंझू उर्फ कल्टू उर्फ कार्तिंक बताया गया है। एसपी ने बताया कि लालदीप दशकों से नक्सलवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। वो भाकपा माओवादी के दस्ते में जोनल कमांडर के पद पर रहकर हिंसक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। सरकार ने कुछ ही दिनों पहले इस पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी। लालदीप के खिलाफ लातेहार जिले के अलावे बिहार के औरंगाबाद और मदनपुर जिले में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। 

2004 में जुड़ा था नक्सली संगठन से 

लातेहार एसपी अंजन ने बताया कि लालदीप ने 2004 में माओवादी संगठन को ज्वाइन किया था। हिंसा का उसका 20 साल का लंबा इतिहास रहा है। कई थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि लगातार पुलिसिया कार्रवाई के कारण राज्य में नक्सली संगठन कमजोर हुए हैं। इसी का परिणाम है आज लालदीप के जैसे नक्सली नेता सरेंडर कर रहे हैं। एसपी ने कहा, इसके साथ ही राज्य की सरेंडर पॉलिसी का भी इसमें योगदान है। इसके तहत सरेंडर किये नक्सली को सरकार कई तरह की सुविधाएं दे रही है। 

समर्पण नीति से प्रभावित हो कर किया सरेंडर 

एसपी ने बताया कि लालदीप ने राज्य सरकार की सरेंडर नीति नई दिशा से प्रभावित हो कर आत्मसमर्पण किया है। कहा कि लातेहार से लगे बूढ़ा पहाड़ पर हेमंत सरकार ने व्यापक अभियान चलाया था। उस समय में भी कई माओवादी नेताओं और सदस्यों ने पुलिस क समक्ष सरेंडर किया था। इसके बाद से पुलिस लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रही है।