रांचीः
उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के सुप्रीमो दिनेश गोप का सहयोगी और 2 लाख का इनामी अवधेश कुमार जायसवाल उर्फ चूहा को झारखंड पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी झारखंड एटीएस और रांची पुलिस की टीम ने की है। चूहा पूरे झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने का काम कर रहा था। व्यवसायियों में खौफ पैदा करने के लिए वह उन्हें वीडियो कॉल किया करता था।
बिहार का लोकेशन बता रहा चूहा का
झारखंड पुलिस को छानबीन में पता चला कि चूहा का लोकेशन नालंदा व जहानाबाद आसपास में आ रहा है। इसके बाद रांची पुलिस और एटीएस ने उसे नालंदा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मौखिक तौर पर उसके गिरफ्तारी की बात कही है। आधिकारिक तौर पर इसका खुलासा नहीं किया है।

लेवी मांगता था
डीजीपी नीरज सिन्हा ने चूहा को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया था। इसके बाद एसटीएफ और एटीएस की टीम ने पिछले कुछ दिनों से आइजी अभियान एवी होमकर के निर्देश पर उसके खिलाफ अभियान शुरू किया था। वह दिनेश गोप के इशारे पर ही झारखंड के व्यवसायी, कोयला कारोबारी, जमीन कारोबारी और ठेकेदारों (ह्वाट्सएप व वीडियो कॉल कर) से लेवी मांगता था। 
40 से अधिक मामले दर्ज
चूहा के खिलाफ चाईबासा, खूंटी, गुमला, हजारीबाग धनबाद, चतरा, रामगढ़ और रांची जिला में 40 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। वह अब तक 100 से अधिक व्यवसायी और ठेकेदारों से लेवी मांग चुका है। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र निवासी दो व्यवसायी से भी उसने लेवी मांगी थी। लेवी नहीं देने पर उसने एक व्यवसायी के घर के बाहर फायरिंग भी करवायी थी। चूहा मूल रूप से बिहार के नालंदा के चिकसौरा का रहने वाला है।