logo

रजरप्पा मंदिर पहुंचे नौसेना प्रमुख, बोले-भारत की सुरक्षा मजबूत हाथों में

miral.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिके के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां से आशीर्वाद लिया। मंदिर में पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और सक्षम हाथों में है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की ओर बुरी नजर रखने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


दरअसल, एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी गुरुवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर रजरप्पा मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने मां छिन्नमस्तिके के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के बाद नौसेना प्रमुख ने कहा कि रजरप्पा मंदिर में जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “मां ने चाहा तो मैं फिर यहां आऊंगा। मां के दरबार में आकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।”


नौसेना प्रमुख ने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की भौगोलिक संरचना का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा जल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां-जहां भारतीय नौसेना तैनात है, वहां पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत हर प्रकार की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही उन्होंने मां छिन्नमस्तिके से देश के जवानों के लिए साहस, संयम और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।