द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले की 30 वर्षीय अरुणिमा बा का शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे रांची के रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। अरुणिमा ने 23 नवंबर 2025 को ऑपरेशन के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के तुरंत बाद से ही उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अरुणिमा मूल रूप से रेंगारिह थाना क्षेत्र के पाईकपारा डेल्याटोली की निवासी थीं और वर्तमान में अपने पति गुलशन बा के साथ ठेठईटांगर के ताराबोगा गिरजाटोली में रहती थीं।

मृतका के तीन नवजात बेटों में से दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है। दोनों को रांची के कटहल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, अरुणिमा के प्रसव के बाद किडनी समेत कई अंगों में इंफेक्शन फैल गया था, जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मृत्यु हो गई। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, ऊपर से राशन कार्ड में अरुणिमा का नाम नहीं होने से सरकारी सहायता प्राप्त करने में भी कठिनाइयाँ हो रही हैं। पति गुलशन बा अपनी पत्नी के शव को रांची से पैतृक गांव ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने में संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही दो नवजातों के इलाज के लिए भी तत्काल आर्थिक मदद की आवश्यकता है।

इस कठिन समय में परिवार ने स्थानीय प्रशासन, समाजसेवियों और दानदाताओं से सहयोग की अपील की है, ताकि शव को सम्मानपूर्वक गांव लाया जा सके और बीमार नवजातों का समुचित इलाज जारी रह सके। उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि पीड़ित परिवार से संपर्क किया जा रहा है और महिला के शव को लाने सहित हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।