logo

पुरी में समुद्र में हादसे में रांची के रहने वाले मां-बेटे की मौत, तेज लहर की चपेट में आए दोनों

जहीग1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ओडिशा के पुरी में समुद्र स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसे में राजधानी रांची के धुर्वा निवासी मां-बेटे की जान चली गई। मृतकों की पहचान अंकिता गुप्ता (48 वर्ष) और उनके पुत्र हंसराज गुप्ता उर्फ अंकित गुप्ता (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना पुरी के चक्रतीर्थ रोड स्थित पिक हाउस के पास की है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह अंकिता गुप्ता अपने बेटे हंसराज के साथ समुद्र में स्नान करने गई थीं। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इसी दौरान समुद्र में उठी तेज रिप करंट की चपेट में अंकिता गुप्ता आ गईं। मां को डूबता देख हंसराज उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी तेज लहरों की गिरफ्त में आ गया।


दोनों को संकट में देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद निजी लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरे समुद्र में उतरे और मां-बेटे को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल पुरी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हंसराज गुप्ता रांची के टाटीसिल्वे स्थित सीआईटी में बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स) के फाइनल ईयर के छात्र थे। वे अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी एक बहन तान्या गुप्ता बेंगलुरु में रहती हैं, जो रविवार दोपहर रांची पहुंचेंगी।


मृतक हंसराज के पिता अमरजीत प्रसाद आरएसएस धुर्वा क्षेत्र के पूर्व नगर कार्यवाह रह चुके हैं और वर्तमान में महानगर स्तर पर संगठन से जुड़े हुए हैं। वे रांची में रहकर दुकानों में सामान सप्लाई का कार्य करते हैं। घटना के समय वे रांची स्थित आवास पर ही मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पुरी गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची में परिजन, रिश्तेदार और आसपास के लोग अमरजीत प्रसाद के आवास पर पहुंचकर उन्हें सांत्वना देने लगे। गुप्ता परिवार के कुल सात सदस्य रांची से पुरी गए थे।


दोनों मां-बेटे के पार्थिव शरीर रविवार को रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित आवास लाए जाएंगे। बेटी तान्या के रांची पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार धुर्वा के सिठियो स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने चक्रतीर्थ बीच पर पर्याप्त लाइफगार्ड की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है और प्रशासन से समुद्र तटों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।