द फॉलोअप डेस्क
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के रवि कुमार ने कहा कि डुमरी विधान सभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं निर्भीक मतदान कराने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा सभी आवश्यक उपाय किये जा रहें हैं। साथ ही कहा कि इस दिशा में राजनीतिक दलों की भी सकारात्मक भूमिका अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि निष्पक्ष मतदान हेतु आधुनिक तकनीकों की मदद से पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। सभी मतदान केंद्रों पर वेब कॉस्टिंग के माध्यम से केंद्र, राज्य एवं जिला स्तर पर निगरानी रखी जायेगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर बाहर की ओर भी कैमरा लगाया जायेगा। वे आज धुर्वा स्थित कार्यालय में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को डुमरी विधानसभा चुनाव में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों से अवगत कराया गया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान एवं मतगणना के लिए डुमरी विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। बताया कि 5 सितम्बर मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के लिए समय निर्धारित है। मतगणना 8 सितंबर को गिरिडीह के पचंबा स्थित कृषि उत्पाद विपणन समिति में 8 बजे पूर्वाह्न से निर्धारित है। मतगणना के लिए 16 काउंटिंग टेबल पर कुल 24 राउण्ड की मतगणना की जानी है।

ओपिनियन पोल पर रोक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस उपनिर्वाचन के सम्पूर्ण मतदान क्षेत्र में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाले 48 घंटों के दौरान किसी भी ओपिनियन पोल या मतदान सर्वेक्षण के परिणामों पर प्रतिबंध होगा। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के ओएसडी गीता चौबे, अवर सचिव देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय संजय कुमार समेत सभी प्रमुख मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N