द फॉलोअप नेशनल डेस्क:
मोहन चरण मांझी ने ओड़िशा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली है। मोहन चरण मांझी के अलावा 2 विधायक उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोहन चरण मांझी के शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के साथ केंद्र और राज्य के कई दिग्गज शामिल हुए। गौरतलब है कि ओडिशा में पूरे 2 दशक बाद सत्ता परिवर्तन हुआ है। बता दें कि ओडिशा के कद्दावर नेता नवीन पटनायक की पार्टी बीजद को बीजेपी ने मात दी। नवीन पटनायक पिछले 24 वर्षों से ओडिशा के मुख्यमंत्री पद पर आसीन थे।

78 सीटें जीतकर बीजेपी ने बीजद को किया सत्ता से बाहर
ओडिशा में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने नवीन पटनायक की पार्टी बीजद (बीजू जनता दल) को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। ओडिशा में विधानसभा की कुल 147 सीटें हैं। ओडिशा विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 74 सीटों का है। भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा की 147 में से 78 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं बीते 24 साल से सत्ता में रहे बीजद को महज 51 सीटों पर संतोष करना पड़ा। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने यहां 14 सीट पर जीत की है।

सरपंच रह चुके हैं मोहन चरण मांझी
मोहन चरण मांझी ओडिशा के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। वह 4 बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। मोहन ओडिशा के चर्चित आदिवासी नेता हैं। उनका जन्म वर्ष 1972 ओडिशा के क्योंझर जिले के रायकलां में हुआ था। शुरुआती शिक्षा-दीक्षा लेने के बाद उन्होंने एक सरपंच के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। इसके बाद वे धीरे-धीरे राजनीति से जुड़ते गए और बीजेपी में शामिल हो गए। राजनीति में समय के साथ मोहन मांझी का कद बढ़ता गया और उनकी गिनती ओडिशा में बीजेपी के कद्दावर आदिवासी नेता के रूप में होने लगी। गौरतलब है कि ओडिशा में आदिवासी समुदाय का एक बड़ा हिस्सा वास करता है। यही वजह है कि बीजेपी ने एक आदिवासी नेता को ओडिशा की कमान सौंपी है।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ कई दिग्गज शामिल
मोहन चरण मांझी के शपथ ग्रहण समारोह में योगी आदित्यनाथ, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह, मोहन यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, अश्विनी बैष्णव, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित अन्य लोगों ने शिरकत की। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और धर्मेंद्र प्रधान भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
