logo

जमशेदपुर : विधायक पूर्णिमा साहू ने बाल अधिकार कार्य करने वाली महिलाओं संग मनाया जन्मदिन

purmina_sahu_birthday.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक और महिला एवं बाल विकास समिति की सदस्य पूर्णिमा साहू का जन्मदिन सोमवार को बर्मामाइंस स्थित सिदो कान्हू बस्ती में मनाया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जो स्लम बस्तियों में रहकर बाल अधिकार एवं समाजहित के लिए कार्य करती हैं। विधायक पूर्णिमा साहू ने उनके बीच साड़ी एवं खाद्य सामग्री भेंटकर मातृशक्ति का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी की जनता ने उन्हें अपार स्नेह और आशीर्वाद दिया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर विशेष रूप से मातृशक्ति का आशीर्वाद लेना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है और यही आशीर्वाद उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। साथ ही, उन्होंने जनता की सुविधा, सुरक्षा और हितों की रक्षा को निरंतर प्रतिबद्ध होकर कार्य करने की बात कही। इस मौके पर बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह, समाजसेवी ललित दास, नीरज कुमार, ज्ञान सिंह चौहान, सुभाष मुखी, रूपेश साहू, संजय शर्मा समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता एवं बस्तीवासी मौजूद रहे।
शुभकामनाएं देने भाजपा कार्यकर्ताओं का लगा तांता
विधायक पूर्णिमा साहू के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को उनके एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। पूर्वी विधानसभा समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और मिठाई भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की। विधायक पूर्णिमा साहू ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और आशीर्वाद ही मुझे ऊर्जा प्रदान करता है। जन्मदिन पर प्राप्त बधाई और शुभकामना संदेश जनसेवा के मार्ग पर और मजबूती से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इससे पहले, विधायक पूर्णिमा साहू ने गोलमुरी चौक स्थित श्री बजरंगबली मंदिर में पूजा-अर्चना कर दिन की शुरुआत की।



 

Tags - Purnima Sahu birthday birthday of MLA purnima Sahu latest jharkhand News Jharkhand News updates latest updates Jharkhand News latest jharkhand news latest updates \