द फॉलोअप डेस्क:
जैक मैट्रिक बोर्ड की परीक्षा में मुंह से लिखकर 500 में से 469 अंक लाने वाले फैजानुल्लाह की आगे की पढ़ाई में पौड़ेयाहाट विधायक प्रदीप यादव सहायता करेंगे। प्रदीप यादव फैजान की असाधारण प्रतिभा और अटूट जज्बे से प्रभावित हैं। प्रदीप यादव ने कहा कि फैजान ने 93.8 फीसदी अंक हासिल करके ना केवल गोड्डा का, बल्कि पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है। विधायक कहते हैं कि जिस तरह फैजान ने मुंह से लिखकर झारखंड के 25 साल के इतिहास में यह रिकॉर्ड बनाया है, हम हमारे लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।
प्रदीप यादव ने कहा कि यदि हौसला बुलंद हो तो शारीरिक बाधा मंजिल के आड़े नहीं आती। फैजान की ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और माता-पिता के त्याग का परिणाम है।
गोड्डा में शिवाजी नगर के निवासी हैं फैजान
गौरतलब है कि गोड्डा के शिवाजी नगर निवासी फैजानुल्लाह ने जैक मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में 500 में 469 अंक हासिल किए हैं। सेरेब्रल पॉल्सी नाम की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित फैजान 100 फीसदी दिव्यांग हैं। वह अपने हाथ से 50 ग्राम से ज्यादा वजन नहीं उठा सकते। वह हाथों से लिख पाने में असमर्थ हैं, इसलिए दांत में कलम दबाकर लिखते हैं। शारीरिक अक्षमता की वजह से स्कूल नहीं जा पाने वाले फैजान ने ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की। जीतेंद्र कुमार भगत नाम के शिक्षक ने भी घर आकर नियमित रूप से उनको पढ़ाया।

डिप्टी कलेक्टर बनना चाहते हैं फैजान
फैजानुल्लाह झारखंड लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास करके डिप्टी कलेक्टर बनने की ख्वाहिश रखते हैं। पिता अनवर अली कहते हैं कि फैजान जितनी पढ़ाई करना चाहता है, मैं कराऊंगा। इसके लिए जमीन और घर बेचने की नौबत आई तो भी गुरेज नहीं करूंगा। फैजान ने दिव्यांग श्रेणी में झारखंड टॉप किया है। 25 वर्षों में यह उपलब्धि पाने वाले वह पहले विद्यार्थी हैं।