द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। किशोरी के प्रेमी समेत चार युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगा है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवकों में से तीन नाबालिग है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मेला देखने गई थी। मेला में देर रात तक रुकने के बाद उसके प्रेमी ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर बाइक से एक सुनसान मैदान में ले गया। उस समय रात के लगभग 1:30 बज रहे थे।

मैदान में दोनों भुजा खा रहे थे, तभी उसके नाबालिग प्रेमी ने अपने तीन अन्य दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद, उसके प्रेमी समेत चारों युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की योजना भी बनाई। लेकिन पीड़िता वहां से भागने में सफल रही। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्हें देखकर सभी आरोपी अपनी बाइक और मोबाइल छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद किशोरी अपने परिजनों के साथ महेशपुर थाना पहुंची। थाना प्रभारी रवि शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी रवि शर्मा ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना पर त्वरित कार्रवाई की गई है।