गिरिडीह:
Girdih News: गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लेदा पानी टंकी के समीप शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बुलेट (Bullet) सवार तीन युवकों द्वारा एक अधेड़ व्यक्ति की आंखों में मिर्ची पाउडर (Mirch Powder) डालकर बाइक छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद तीनों आरोपी युवक बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpeg)
कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे भागीरथ राय
छिनतई के शिकार हुए व्यक्ति की पहचान बेगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी 55 वर्षीय भागीरथ राय के रूप में हुई है। भागीरथ राय मोतीलेदा से लेदा स्थित एक भजन मंडली में कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे। वह पहली बार लेदा जा रहे थे, इसलिए उन्हें रास्ते की जानकारी नहीं थी। कोवाड़ के समीप उन्होंने बुलेट सवार तीन युवकों से लेदा जाने का रास्ता पूछा। युवकों ने उन्हें रास्ता बताया। आरोप है कि रास्ता बताने के बाद तीनों युवक उनका पीछा करने लगे। भागीरथ राय के अनुसार, लेदा पानी टंकी के समीप बुलेट सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और अचानक उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया।
.jpeg)
आंखों में मिर्ची डालकर छीनी बाइक
आंखों में तेज जलन होने के कारण भागीरथ राय ने बाइक रोक दी। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इससे वह घबरा गए। इसी मौके का फायदा उठाकर तीनों युवक उनकी बाइक छीनकर उन्हें घसीटते हुए मौके से फरार हो गए। भागीरथ राय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास जंगल और अंधेरा होने के कारण उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। किसी तरह वह लेदा पहुंचे और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
.jpeg)
पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों ने मुफ्फसिल थाना प्रभारी को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम करीब 15 से 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही छीनी गई बाइक की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।