logo

जामताड़ा के यात्रियों को बड़ी राहत, मऊ-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का परिचालन बढ़ा, आलम बाबा उर्स पर कई ट्रेनों को मिला ठहराव

train_new_image.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो अहम फैसले लिए हैं। अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मऊ–कोलकाता–मऊ स्पेशल ट्रेन के परिचालन को सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। वहीं, आलम बाबा उर्स मुबारक के अवसर पर 10 जुलाई को दुबराजपुर और चिनपाई स्टेशनों के बीच कई मेमू ट्रेनों को दो मिनट का विशेष ठहराव देने की घोषणा की गई है। इन फैसलों से जामताड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।


सितंबर तक चलेगी मऊ-कोलकाता स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 05096 (मऊ–कोलकाता स्पेशल) 22 जुलाई से 23 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को मऊ से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 05095 (कोलकाता–मऊ स्पेशल) 23 जुलाई से 24 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को कोलकाता से दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:40 बजे मऊ पहुंचेगी। यह ट्रेन जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, आसनसोल और दुर्गापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी तथा इसमें जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

आलम बाबा उर्स पर मेमू ट्रेनों को मिलेगा दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव
रेलवे ने आलम बाबा उर्स के मद्देनजर 10 जुलाई 2026 को दुबराजपुर और चिनपाई स्टेशनों के बीच 63529/63530 अंडाल–रामपुरहाट–अंडाल मेमू, 63531/63532, 63533/63534, 63535/63536 और 63537/63538 अंडाल–सैंथिया–अंडाल मेमू ट्रेनों को दोनों दिशाओं में दो-दो मिनट का विशेष ठहराव देने का निर्णय लिया है। रेलवे ने बताया कि यह व्यवस्था केवल 10 जुलाई के लिए लागू रहेगी, ताकि उर्स के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Tags - Indian Railways Special Train Alam Baba Urs MEMU Train Jamtara