द फॉलोअप डेस्क
रविवार को खेले गए रोमांचक वनडे मुकाबले के बाद सोमवार सुबह भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें दूसरे मैच के लिए रायपुर के लिए निकलने की तैयारी में थीं। इसी बीच रांची के होटल रेडिशन ब्लू में अचानक हुई एक घटना ने खिलाड़ियों और स्टाफ को हैरान कर दिया। साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर मार्को जानसेन की पत्नी तानिअल बैप्टिस्ट होटल लॉबी में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। होटल प्रबंधन की सूचना पर कुछ ही मिनटों में ऑर्किड अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर दिखने पर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, तानिअल को पहले से लो ब्लड प्रेशर की समस्या थी और सुबह उनका बीपी तेजी से गिर गया, जिसके कारण स्थिति बिगड़ गई।

अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने से मार्को जानसेन टीम के साथ रायपुर नहीं गए और रांची में ही रुक गए। टीम मैनेजमेंट ने पुष्टि की कि जानसेन दूसरे वनडे में हिस्सा नहीं लेंगे। इधर, रविवार के मैच के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर विराट कोहली के पास पहुंचने वाले युवक की घटना पर जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने इसे सुरक्षा चूक माना। हालांकि उन्होंने बताया कि युवक सिर्फ विराट के पैर छूना चाहता था। बीसीसीआई और स्वयं विराट कोहली ने फैन पर कड़ी कार्रवाई न करने की सिफारिश की। दिन भर हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने युवक सोभित मुर्मू, जो बंगाल से आया था, को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया।
