धनबाद:
झारखंड में अवैध खनन और उससे होने वाले हादसों की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला धनबाद जिला के अलकडीहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुरुंगा शिव मंदिर (नेपाली धौड़ा) का है। यहां अवैध खदान में दौरान धंसने से तकरीबन 4 लोग दब गए हैं। अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक 1 दर्जन से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। पुलिस को सूचना दी गई है।

क्या पुलिस समय पर नहीं पहुंची थी
कहा जा रहा है कि अलकडीहा पुलिस को सूचना मिली थी लेकिन पुलिस ग्रामीणों को डर से वहां नहीं पहुंची। सिंदरी अंचल के डीएसपी ने बताया कि सूचना मिली है। अलकडीहा पुलिस को विस्तृत जानकारी इकट्ठा करने के लिए कहा गया है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक खदान से अवैध कोयला खनन कर लाट्ठा-कुड़ी के सहारे कोयला निकासी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक लाठा टूट गया। घटना में शंकर नाम का शख्स गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं चाल गिरने से तकरीबन 1 दर्जन लोगों के दबने की चर्चा है।

अलकडीहा पुलिस का अवैध खनन से इंकार
हालांकि ग्रामीणों के भय से घटनास्थल पर नहीं जाने की बात से अलकडीहा पुलिस ने इंकार किया है। थाना प्रभारी संजीव कर्णदेव ने कहा कि सूचना के बाद रात को ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। वहां का दौरा किया और छानबीन की। उन्होंने अवैध खनन की बात से भी इंकार किया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शिव मंदिर के पास रैयती जमीन पर कोयला चोरों ने कुआं जैसा मुहाना बना दिया है।
वहां बीते 1 सप्ताह से अवैध खनन कर लाठा कुड़ी के सहारे कोयला निकाला जा रहा था। इसे सुरंगा कुम्हार टोला में संचालित कोल डिपो में जमा किया जा रहा था। शनिवार को यहां 1 दर्जन से ज्यादा लोग मौजूद थे।