द फॉलोअप डेस्क
देवघर–देवीपुर मुख्य सड़क पर नावाडीह रेलवे फाटक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब गोरखपुर से आसनसोल जा रही यात्री ट्रेन की टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती क्षणों में लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जसीडीह से आसनसोल की ओर जा रही ट्रेन जैसे ही नावाडीह रेलवे फाटक के पास पहुंची, उसी दौरान देवघर से देवीपुर की ओर जा रहा एक ट्रक खुले रेलवे फाटक से रेल लाइन पार करने लगा। बताया जा रहा है कि उस समय रेलवे फाटक बंद नहीं किया गया था। दूर से खतरे को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन की गति कम की और इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन जब तक ट्रेन पूरी तरह रुक पाती, तब तक इंजन ट्रक से टकरा गया। ट्रेन की टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क की ओर पलटते हुए दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

हालांकि बाद में स्थिति का आकलन करने पर राहत की बात सामने आई कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रक की चपेट में आए दोनों मोटरसाइकिल सवार घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क और रेल मार्ग दोनों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा, वहीं सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेल पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने में जुट गए। रेलवे प्रशासन द्वारा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को रेल लाइन से हटाने का कार्य शुरू किया गया, ताकि जल्द से जल्द ट्रेन और सड़क यातायात को सामान्य किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और परिचालन बहाल करने की प्रक्रिया जारी है।

सूत्रों के मुताबिक इस घटना में रेलवे गेटमैन की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि फाटक खुले होने के बावजूद ट्रक को रेल लाइन पार करने दिया गया। हालांकि प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। लोको पायलट की सतर्कता और समय पर ब्रेक लगाने से एक बड़ा रेल हादसा टल गया, नहीं तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।