द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिला अंतर्गत उरीमारी ओपी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के विरुद्ध पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि उरीमारी ओपी अंतर्गत कोलियरी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के कुछ सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देशानुसार एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम आसवा एवं गुडकुवा के समीप पहुँचने पर ग्राम उरेज की ओर से एक संदिग्ध सफेद बोलेरो वाहन तेज गति से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर चालक वाहन को मोड़कर भागने लगा। पुलिस के पीछा किए जाने पर वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पुल एवं पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वाहन में सवार व्यक्तियों द्वारा भागने का प्रयास किया गया, लेकिन छापामारी दल ने चारों ओर से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों के पास इंसास राइफल पाई गई। पूछताछ के क्रम में सभी ने अपने नाम एवं पते बताए। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त प्रतिबंधित TSPC संगठन के जोनल कमांडर भीखन गंझू एवं सब-जोनल कमांडर दिनेश जी उर्फ रवि राम के संपर्क में रहकर विभिन्न जिलों में संगठन का संचालन कर रहे थे। ये लोग लेवी वसूली, धमकी एवं क्षेत्र में दहशत फैलाने का कार्य करते थे। बता दें कि 12 फरवरी को रामगढ़ जिला के पतरातु के सरैया क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में भी इनकी संलिप्तता पाई गई है, जिसमें ऑटोमेटिक हथियारों से दो दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई थी।पुलिस की तत्परता एवं सूझबूझ से इन सभी को एक बड़ी घटना को अंजाम देने से पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया।
सुनिल मुण्डा, विरेन्द्र मुण्डा, सुरेन्द्र मुण्डा, लालमोहन मुण्डा, अनिल मुण्डा, रविन्द्र गंझू उर्फ रिंकु, सत्येन्द्र गंझू उर्फ सन्दु और संजय मुण्डा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से दो 5.56 एम०एम० इंसास राईफल, 5.56 mm 90 जिंदा गोली, 7.62 mm की 37 जिंदा गोली, 7.65 mm की 26 जिंगा गोली, 9mm की 21 जिंदा गोली, 1 देशी पिस्टल, 1 बोलेरो और 7 मोबाईल फोन बरामद किए गए हैं। छापामारी दल में राणा भानुप्रताप सिंह, थाना प्रभारी, गिद्दी थाना, हजारीबाग, रथु उराँव ओपी प्रभारी उरीमारी, हजारीबाग,निशांत केरकेट्टा थाना प्रभारी, लोहसिंहना हजारीबाग, वेद प्रकाश पाण्डेय, पेलावल ओपी प्रभारी, हजारीबागऔर तकनीकि शाखा एवं नक्सल शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
.jpeg)