logo

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार, शादी का भरोसा देने वाला युवक फरार; युवती ने किया हंगामा

nitesh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्कमनाय पंचायत के ग्राम बेला में बीती रात अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। पश्चिम बंगाल की एक युवती महिला अपने संगठन के साथ गांव पहुंची और युवक नितेश पंडित के खिलाफ जमकर हंगामा किया। युवती ने आरोप लगाया कि उसकी पहचान नितेश पंडित से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने एक मंदिर में शादी भी की। युवती के अनुसार, इसके बाद फरवरी महीने से करीब 7–8 महीने तक हैदराबाद में दोनों पति-पत्नी की तरह रहे।


कुछ समय बाद नितेश पंडित अचानक बिना किसी सूचना के फरार हो गया। मोबाइल बंद होने के कारण संपर्क टूट गया। युवती ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ठगी और असहाय महसूस करने के बाद युवती कोडरमा पहुंची और मरकच्चो थाना में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने कहा कि नितेश ने न्यायालय में विवाह करने का आश्वासन देकर जमानत ली थी, लेकिन अब न तो संपर्क में है और न ही मंदिर में हुई शादी को स्वीकार कर रहा है। न्याय न मिलने और लगातार उपेक्षा से आहत होकर युवती महिला संगठन के सदस्यों के साथ नितेश के घर पहुंची।


उन्होंने ग्रामीणों के सामने कहा कि एक लड़की होने के नाते वह कब तक इस तरह भटकेगी। शादी का भरोसा देकर साथ रहने के बाद अब उसे समाज में अपमान और बदनामी झेलनी पड़ रही है। युवती के अनुसार, गांव और रिश्तेदारों के बीच उसके चरित्र को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं, जिससे उसका जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। काफी हंगामे और समझाने-बुझाने के प्रयासों के बावजूद नितेश ने युवती को अपनाने से साफ इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंततः युवती और उसके संगठन के सदस्य निराश होकर लौट गए। घटना के बाद गांव में देर रात तक चर्चा का माहौल बना रहा।