logo

धनबाद में लोन रिकवरी कर्मी अमित कुमार का अपहरण, 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग

नगलद्22.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के बाबूडीह-खटाल निवासी और पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले अमित कुमार शुक्रवार को लापता हो गए। परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, अमित सुबह 11 बजे घर से निकले थे और लौटने में देर होने की बात कही थी। दोपहर 2 बजे तक संपर्क न होने पर परिवार को चिंता हुई। थोड़ी देर बाद अमित के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया और 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। रकम नहीं देने पर अमित को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने अमित के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक कर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार फोन गोविंदपुर ऊपर बाजार में सक्रिय था, इसके बाद सूर्य हाइलैंड सिटी के पास कई घंटों तक सक्रिय रहा। बाद में फोन डांगी मोड़ के पास फेंका पाया गया।


थानेदार मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने सूर्य हाइलैंड सिटी में गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान विकास खंडेलवाल नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि विकास पर करीब एक करोड़ रुपए का लोन बकाया था और अमित उसके लोन सेटलमेंट के सिलसिले में उसके संपर्क में थे। पुलिस ने मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। अमित के परिजन पुलिस से उनकी सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं।