logo

मंत्री दीपिका और शिल्पी ने किया आजीविका न्याय सलाह केंद्र व एकल सुविधा केंद्र का उद्घाटन, 115 महिला उद्यमियों को मिली मदद

DIPIKA011111.jpg

रांची
रांची जिले के माण्डर प्रखंड में आज माण्डर आजीविका न्याय सलाह केंद्र, एकल सुविधा केंद्र तथा माण्डर आजीविका महिला संकुल संगठन के कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और अधिकार-संपन्न बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
OSF परियोजना के तहत सखी मंडल से जुड़ी 115 महिला उद्यमियों को कुल ₹59,72,000 की कम्युनिटी एंटरप्राइज फंड (CEF) राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही लाभुकों के बीच आजीविका से संबंधित परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं को स्वरोज़गार, आर्थिक मजबूती और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।


कार्यक्रम के दौरान जेंडर शपथ दिलाकर सामाजिक समानता, सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। मंत्री ने कहा कि न्याय सलाह केंद्र और एकल सुविधा केंद्र ग्रामीण महिलाओं को न्याय, आजीविका और सरकारी योजनाओं तक आसान और एकीकृत पहुंच उपलब्ध कराएंगे।
इस अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि महिला केंद्रित योजनाएं राज्य के ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं और इन पहलों से गांवों में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, आजीविका मिशन से जुड़े प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Tags -  Mandar Rural Women Empowerment Livelihood Mission CEF Fund Jharkhand Government