द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत छिपादोहर स्थित गम्हरिया डैम में रविवार सुबह नहाने के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब दोनों पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सके और नहाते-नहाते गहरे हिस्से में चले गए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर स्थानीय तैराकों को बुलाया, लेकिन जब तक दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान छिपादोहर निवासी उपेंद्र परहिया के पुत्र विशाल परहिया (18 वर्ष) और बरवाडीह निवासी मनोज परहिया (32 वर्ष) के रूप में हुई है। मनोज परहिया अपने ससुराल छिपादोहर में रहकर गुजर-बसर करता था। उसकी मौत से उसके दो छोटे बच्चों (5 वर्षीय पुत्री और 2 वर्षीय पुत्र) के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही छिपादोहर थाना प्रभारी मो. यकीन अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया गया। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि डैम जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, गहरे क्षेत्रों की पहचान कर बैरिकेडिंग की जाए और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित हो। उनका मानना है कि उचित निगरानी होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।