logo

Sports News : ऋषभ पंत की जगह इंडिया-A टीम में शामिल हुए बोकारो के कुमार कुशाग्र

 ऋषभ पंत की जगह इंडिया-A टीम में शामिल हुए बोकारो के कुमार कुशाग्र

द फॉलोअप डेस्क:

Sports News: न्यूज़ीलैंड (New Zealand) के खिलाफ़ ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की जगह बोकारो (Bokaro) निवासी कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) को इंडिया-A (India A) टीम में मिला मौका। झारखंड (Jharkhand) के प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को न्यूजीलैंड-A के खिलाफ पहले दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए ऋषभ पंत की जगह भारतीय-A टीम में शामिल किया गया है। ऋषभ पंत बाईं तरफ खिंचाव (लेफ्ट-साइड स्ट्रेन) के कारण इन मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। तीसरे मैच में उनकी उपलब्धता पर बाद में फैसला लिया जाएगा। JSCA ने कुमार कुशाग्र को बधाई देते हुए इंडिया-A के साथ उनके सफल प्रदर्शन की कामना की है।

चोट से उबर रहे पंत, तीसरे मैच पर सस्पेंस

ऋषभ पंत का न्यूजीलैंड ए के खिलाफ सीरीज में खेलना पहले से ही उनकी फिटनेस पर निर्भर था। ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते हुए पंत के शरीर के बाएं हिस्से की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इसके बाद उनकी फिटनेस पर सवाल उठने लगे थे। अब बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि वह शुरुआती दो मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। बीसीसीआई के मुताबिक, ऋषभ पंत फिलहाल बोर्ड के मेडिकल स्टाफ की निगरानी में हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। हालांकि, उनकी चोट को देखते हुए किसी तरह की जल्दबाजी नहीं की जा रही है। तीसरे मैच में पंत खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उनकी फिटनेस का आकलन करने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

पंत की जगह कुमार कुशाग्र को मौका

आपको बता दें कि ऋषभ पंत की कप्तानी में रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप का खिताब जीता था। हालांकि, इस मुकाबले में पंत बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। उन्होंने पहली पारी में 10 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में सिर्फ 8 रन ही बना पाए। अब चोट के कारण उन्हें न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शुरुआती दो मैचों से बाहर रहना पड़ेगा। वहीं, पंत की गैरमौजूदगी में बीसीसीआई ने युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र पर भरोसा जताया है। 21 साल के कुशाग्र घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से लगातार प्रभावित कर रहे हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में उन्होंने पांच पारियों में 187 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक भी निकला था।

कुशाग्र को मौका, पंत की वापसी पर नजरें

उनके इसी प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और अब उन्हें न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इंडिया ए टीम में जगह मिली है। फिलहाल, कुशाग्र को सीरीज के पहले और दूसरे मुकाबले के लिए चुना गया है। कुल मिलाकर, ऋषभ पंत की चोट ने इंडिया ए की तैयारियों को प्रभावित जरूर किया है, लेकिन कुमार कुशाग्र के पास खुद को साबित करने का अच्छा मौका है। अब देखना होगा कि कुशाग्र इस अवसर का कितना फायदा उठा पाते हैं और क्या ऋषभ पंत तीसरे मुकाबले तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी कर पाते हैं।

Tags - Sports News Latest Sports News Rishabh Pant Injury Rishabh Pant Latest News India A vs New Zealand A Series