कोडरमा:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज 76वें जन्मदिन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में झारखंड के कोडरमा में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां सांसद अन्नपूर्णा देवी के आवास के पास करीब 1.40 लाख मिट्टी के दीयों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोजेक आर्ट तस्वीर तैयार की जा रही है। गिरिडीह से आए कलाकारों ने करीब 6 हजार वर्गफीट जमीन पर इस कलाकृति को तैयार किया है। इसे बनाने में लगभग 48 घंटे का समय लगा है।
.jpeg)
1.40 लाख दीयों से तैयार की जा रही PM मोदी की तस्वीर
गिरिडीह के कलाकार सुमित गुंजन के नेतृत्व में 11 कलाकारों की टीम इस तस्वीर को तैयार करने में जुटी है। सुमित गुंजन ने बताया कि कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कुछ खास बनाने का सुझाव दिया था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिट्टी के दीयों का इस्तेमाल कर तस्वीर बनाने का निर्णय लिया। सुमित मंगलवार शाम को अपनी टीम के साथ कोडरमा पहुंचे। इसके बाद एक स्कूल कैंपस में करीब 6 हजार वर्गफीट जमीन पर दीयों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनाने का काम शुरू किया गया। इस कलाकृति में कुल 1 लाख 40 हजार दीयों का इस्तेमाल किया गया है।
.jpeg)
42 अलग-अलग रंगों का किया गया इस्तेमाल
इस मोजेक आर्ट को खास बनाने के लिए 42 अलग-अलग रंगों का इस्तेमाल किया गया है। तस्वीर को तैयार करने में सुमित गुंजन के साथ 10 अन्य कलाकारों ने सहयोग किया है। ये कलाकार अलग-अलग जिलों से कोडरमा पहुंचे हैं। पूरी तस्वीर को तैयार करने में करीब 48 घंटे का समय लगा है।
.jpeg)
आज शाम ड्रोन के जरिए दिखाई जाएगी तस्वीर
तैयार की जा रही इस कलाकृति को आज शाम ड्रोन के माध्यम से मैदान में लगाए गए अलग-अलग एलसीडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए करीब 1 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू भी शामिल होंगे।
.jpeg)
मोजेक आर्ट बनी आकर्षण का केंद्र
दीयों से तैयार की जा रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह तस्वीर कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहने वाली है। मिट्टी के दीयों से बनाई जा रही इस कलाकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों की तैयारियों के बीच यह मोजेक आर्ट लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।