logo

कोडरमा में नाबालिगों को बंधक बनाकर पीटा, 150 अज्ञात लोगों पर POCSO-IT एक्ट में FIR

कोडरमा में नाबालिगों को बंधक बनाकर पीटा, 150 अज्ञात लोगों पर POCSO-IT एक्ट में FIR

द फॉलोअप डेस्क:

कोडरमा के सदर थाना क्षेत्र में तीन नाबालिगों को कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट करने और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में करीब 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में पोक्सो एक्ट, आईटी एक्ट समेत अन्य धाराएं लगायी गयी हैं। पुलिस वायरल वीडियो और दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

दो नाबालिग लड़कों को पकड़ने के बाद जुटी थी भीड़

जानकारी के अनुसार, सोमवार को ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की के घर से दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा था। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। आरोप है कि भीड़ ने तीनों नाबालिगों को रस्सी से बिजली के खंभे में बांध दिया और उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो गया। पुलिस ने इसी मामले को लेकर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की मदद से घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

दो लड़कों के खिलाफ भी दर्ज हुई अलग प्राथमिकी

वहीं, नाबालिग लड़की की मां के बयान पर दोनों लड़कों के खिलाफ भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इसमें कथित तौर पर जबरन घर में घुसने और दुष्कर्म के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। तीन नाबालिगों के साथ मारपीट और उनका वीडियो प्रसारित करने के मामले में कोडरमा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तीनों नाबालिग हैं। ऐसे में उनकी पहचान सार्वजनिक करना या उनका वीडियो प्रसारित करना कानूनन गंभीर मामला है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
 

Tags - Koderma news Koderma viral video Koderma minor assault case Koderma police Koderma Sadar