logo

मध्याह्न भोजन खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-पेट दर्द की शिकायत; अस्पताल में भर्ती

मध्याह्न भोजन खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-पेट दर्द की शिकायत; अस्पताल में भर्ती

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
कोडरमा के मरकच्चो प्रखंड के जामु स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद करीब 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों ने पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल सभी बच्चों की हालत सामान्य है, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा गया है। बुधवार को स्कूल में कुल 62 बच्चे उपस्थित थे और इनमें से 48 बच्चों ने खाना खाने के बाद परेशानी की शिकायत की।


 

चावल-दाल और आलू सोयाबीन की सब्जी बनी थी
जानकारी के अनुसार स्कूल में बुधवार को मध्याह्न भोजन के तहत चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी तैयार की गई थी। भोजन करने के कुछ देर बाद बच्चों को पेट में दर्द होने लगा और कई बच्चों को उल्टी भी हुई। बच्चों की स्थिति बिगड़ने की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रखंड प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी स्कूल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान खाना बनाने वाली रसोइया ने भी भोजन करने के बाद तबीयत खराब होने की बात कही और वह खुद इलाज के लिए अस्पताल पहुंची।


 

डीईओ बोले- जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कारण
जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर आशंका जतायी कि चावल थोड़ा कच्चा रह गया होगा, जिससे कुछ बच्चों को परेशानी हुई और इसके बाद बाकी बच्चे भी घबरा गए। रसोइया की ओर से पुराने चावल इस्तेमाल करने की बात कहे जाने पर डीईओ ने कहा कि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल लिया। फिलहाल बच्चों के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।

Tags - Koderma School Food Poisoning Markacho Mid Day Meal 48 Children Sick Jamua School Koderma Jharkhand School Food Safety