logo

कोडरमा में कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, तीन की मौत; 34 से अधिक घायल

3442.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कांवरियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 से अधिक कांवरिया घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में सात की हालत गंभीर है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार, उसकी 60 वर्षीय दादी सुंदर बाला और 60 वर्षीय चचेरे दादा नवल किशोर के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, कांवरियों से भरी यह बस नेपाल के रौहट जिले से करीब चार दिन पहले देवघर पहुंची थी। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद शुक्रवार की अहले सुबह बस देवघर से बिहार के राजगीर के लिए रवाना हुई थी।


चालक को आई झपकी
घायलों के मुताबिक, बस सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास पहुंची थी, तभी चालक को नींद आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई कांवरिया बस के अंदर फंस गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को घटना की सूचना दी। 


पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में लगी
सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। कई घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सभी कांवरियों को बस से बाहर निकाला गया। हादसे में घायल 34 से अधिक कांवरियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इनमें सात कांवरियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 

Tags - Koderma Accident Kanwariya Accident Satgawan News Jharkhand News Deoghar Pilgrims