logo

कोडरमा- कल से लापता बच्चे अभिनंदन का शव झाड़ियों से बरामद हुआ

ोवपग1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के राजारायडीह गांव में 24 घंटे से लापता 13 वर्षीय अभिनंदन कुमार का शव मंगलवार सुबह उसके घर के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रकाश राणा के पुत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभिनंदन सोमवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक लौटकर नहीं आया। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उनकी चिंता बढ़ गई। झारखंड में लगातार बच्चा चोरी और संदिग्ध मामलों की घटनाओं को देखते हुए परिजन और अधिक चिंतित हो गए और मरकच्चो थाना में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।


सोमवार देर शाम तक जब बच्चे का कोई पता नहीं चला, तो पुलिस और परिजनों ने उसकी तस्वीर और संपर्क नंबर व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा कर तलाश तेज कर दी। इसी बीच मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए थे, जहां उन्होंने झाड़ियों में एक बच्चे का शव पड़ा देखा। तुरंत उन्होंने गांववालों को सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की पहचान अपने 13 वर्षीय बेटे अभिनंदन कुमार के रूप में की। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों के दिल को झकझोर दिया। परिजनों की चीख-पुकार और मातम से पूरा इलाका गमगीन हो गया। मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि बच्चे की मौत हत्या के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।


बताया गया कि अभिनंदन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह बिचरिया गांव स्थित मध्य विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र था। उसके पिता महाराष्ट्र के पुणे में बढ़ई का काम करते हैं। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चे के शव के साथ राजारायडीह के समीप बरीयारडीह–मरकच्चो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश में जुटी हुई है।