द फॉलोअप डेस्क
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें प्लस 2 हाई स्कूल बड़कागांव, हजारीबाग के छात्र किशोर कुमार ने साइंस स्ट्रीम में राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। किशोर को कुल 474 अंक प्राप्त हुए हैं। किशोर बरवाडीह के रहने वाले हैं। उनके पिता एक किसान हैं और कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद किशोर ने यह सफलता अपनी मेहनत और लगन से हासिल की है। तीन भाई-बहनों में किशोर दूसरे नंबर पर हैं उनसे बड़ी एक बहन और एक छोटी बहन है। किशोर की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि यह दिखाती है कि समर्पण और मेहनत से किसी भी परिस्थिति में सफलता संभव है। उनके शिक्षक और विद्यालय भी उनकी इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। अब किशोर का लक्ष्य आगे चलकर इंजीनियर बनना है। उन्होंने JEE-MAINS की परीक्षा पास कर ली है। एडवांस का परिणाम जारी होने वाला है। उम्मीद है कि वह उस परीक्षा को भी पास कर लेंगे। हालांकि JEE-MAINS से अगर अनुमान लगाएं तो किशोर को जमशेदपुर NIT मिलने की संभावना है।