द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के विभिन्न जिलों में सोमवार को हुई वज्रपात (ठनका) की घटनाओं में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सबसे अधिक प्रभावित गढ़वा जिला रहा, जहां 3 लोगों की जान गई। इसके अलावा रामगढ़ में 2 और हजारीबाग में 1 व्यक्ति की मृत्यु हुई है। गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरबारा टोला, लखैया और रेजो गांव में तीन लोगों की जान वज्रपात की चपेट में आकर चली गई। इस घटना में तीन महिलाओं सहित पांच लोग घायल भी हुए हैं।
मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है:
शंभू बैठा (55), लखैया गांव
धर्मेंद्र राम (35), रेजो गांव
तरुण कुमार देव (18), पूरबारा टोला — जो विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन के इकलौते पुत्र थे।
रामगढ़ जिले में, चितरपुर थाना क्षेत्र के दुलमी गांव की सैंपू देवी (45) तथा गिद्दी निवासी मधवा मांझी (60) की वज्रपात से मौत हो गई।
हजारीबाग जिले के कटकमसांडी क्षेत्र में राजू यादव की जान ठनका गिरने से चली गई।
इस बीच, रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि 21 मई से 23 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।