द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो बड़ी सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है। पहली दुर्घटना अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी-डोरिया रोड पर जेनाडीह के समीप शुक्रवार शाम हुई। डोरिया साप्ताहिक बाजार से साइकिल पर घर लौट रहे 47 वर्षीय पूर्ण मुंडा को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक पर सवार तमाड़ के मानकीडीह निवासी अमृत पातर (25), आयुष पातर (17) और सुनील पातर (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में अमृत और आयुष ने दम तोड़ दिया। वहीं सुनील का इलाज रिम्स में चल रहा है।

प्राथमिक जांच में नशे की आशंका
अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक सवार युवकों के नशे में होने की आशंका सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बस और कार की भिड़ंत में दो लोग घायल
दूसरी दुर्घटना तोरपा थाना क्षेत्र के ममरला गांव के समीप खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा मुख्य मार्ग पर शाम करीब चार बजे हुई। यहां बस और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक गुमला निवासी पंकज कुमार और ओडिशा निवासी कालिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग पटना में एक शादी समारोह में शामिल होकर भुवनेश्वर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।