द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले में हथियारबंद अपराधियों ने बुधवार देर रात शहर के बीचों-बीच भगत सिंह चौक स्थित व्यवसायी और संवेदक अमित साहू के पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से पहुंचे दो नकाबपोश अपराधियों ने पंप परिसर में एक राउंड गोली चलाई और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के नाम से एक पर्चा फेंककर तोरपा रोड की ओर फरार हो गए। फायरिंग के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मियों और ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी। वारदात के समय पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू मौके पर मौजूद नहीं थे।

पर्चे में दो दिनों में 10 लाख रुपये देने की धमकी
अपराधियों द्वारा छोड़े गए पर्चे में PLFI के जोनल कमांडर राजेश यादव के नाम का उल्लेख किया गया है। पर्चे में अमित साहू को दो दिनों के भीतर संगठन को सहयोग राशि के रूप में 10 लाख रुपये पहुंचाने का फरमान दिया गया है। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। अमित साहू ने बताया कि इससे पहले भी मार्च-अप्रैल के दौरान PLFI के नाम पर उन्हें दो-तीन बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पहले परवल स्थित उनके आवास पर हमला किया गया था। बुधवार रात हुई फायरिंग और लेवी की मांग की जानकारी उन्होंने पुलिस को दे दी है।

CCTV में गोली चलाते दिखे दोनों अपराधी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जमुदा और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान एक खोखा और PLFI के नाम से फेंका गया पर्चा बरामद किया। इसके साथ ही पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें दोनों अपराधी गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था।