logo

गांडेय में विकास को मिली नई रफ्तार, MLA कल्पना सोरेन ने करोड़ों की योजनाओं का किया शिलान्यास 

GANDEY_KALPANA.jpg

गिरिडीह 

गांडेय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने सोमवार को विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया तथा कई परियोजनाओं के चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उपायुक्त (DC) रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ताराटांड़ उच्च विद्यालय के निरीक्षण से हुई। विधायक ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इस दौरान झारखंड राज्य खो-खो संघ द्वारा आयोजित 19वीं जूनियर स्टेट लेवल गर्ल्स खो-खो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं और खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विधायक ने पथ निर्माण विभाग की ओर से लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बड़कीटांड़–गिरनिया मोड़ सड़क परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया

बताया गया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रीय संपर्कता मजबूत होगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम बनेगा। वहीं गांडेय प्रखंड स्थित जिला परिषद निरीक्षण भवन परिसर में गांडेय दस्तकार यूनिट (जूट हथकरघा एवं वस्त्र उत्पाद निर्माण इकाई) का भी शिलान्यास किया गया। इस इकाई के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, महिला समूहों और युवाओं को कौशल आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। महेशमुंडा स्कूल के समीप बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुकों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विधायक ने लाभुकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा बेंगाबाद प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत निवासी खुर्शीद हादी द्वारा संचालित कृषि फार्म का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान आधुनिक कृषि पद्धतियों और कृषि नवाचारों की जानकारी ली गई तथा किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत संरचना, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Tags - Kalpana Murmu Soren Development Projects Foundation Stone Laying Project Inspection Rural Development