logo

JSCA में वनडे से पहले टिकटों की किल्लत, ब्लैक मार्केट में मनमानी वसूली; महिलाओं-बच्चों को रातभर लाइन में लगाया गया

रेमो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को होने वाले पहले वनडे मुकाबले से पहले टिकट बिक्री को लेकर बुधवार को जेएससीए स्टेडियम के बाहर हंगामा और भारी अफरा-तफरी देखने को मिली। बुधवार टिकट बिक्री का अंतिम दिन था, और दिन भर में जहां काउंटर से करीब 9,500 टिकट बिके, वहीं लगभग 5,000 टिकट ब्लैक मार्केट में मोटी रकम लेकर बेचे गए। पहली ही पाली में सस्ते टिकट खत्म हो जाने से क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी बढ़ने लगी। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए ब्लैकर सक्रिय हो गए। 1,600 रुपये का टिकट 4,000 रुपये में, 1,900 रुपये का टिकट 4,500–5,000 रुपये में और 2,200 रुपये रेंज के टिकट 5,500 रुपये तक बेचे गए।


एक ब्लैकर, जिसने खुद को करण बताया, ने दावा किया कि किसी भी रेंज का टिकट उपलब्ध करा देगा—बस पैसे तैयार रखने होंगे। पूछताछ में उसने बताया कि वह महिलाओं और बच्चों को रातभर 500 रुपये देकर लाइन में खड़ा करता है, जिससे बड़ी संख्या में टिकट उसके पास पहुंच जाते हैं। मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों ने कई महिलाओं और युवाओं को टिकट ब्लैक करते हुए भी देखा। मीडियाकर्मी ने एक ब्लैकर से बातचीत और उसकी रिकॉर्डिंग भी की, जिसमें उसने 1,900 रुपये वाले टिकट की कीमत 4,500 रुपये बताई। कई लोग ब्लैक में टिकट खरीदते नजर आए, जबकि कुछ लोग कतार में खड़ी महिलाओं से टिकट खरीदने की गुजारिश कर रहे थे।


मैच को लेकर वाहन पार्किंग की व्यवस्था अभी तय नहीं हो सकी है। एचईसी अधिकारियों ने बताया कि 1–2 दिन में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जेएससीए स्टेडियम के आसपास 6 स्थानों पर पार्किंग की योजना है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। स्थानीय लोग भी निजी पार्किंग लगाने की तैयारी कर रहे हैं। टिकट बिक्री के दौरान टीम इंडिया की जर्सी, कैप और तिरंगा बेचने के लिए कोलकाता से दो दर्जन से अधिक विक्रेता पहुंचे। इस बार दिग्गज खिलाड़ियों की टीम में मौजूदगी के कारण युवाओं में उत्साह अधिक देखा गया। कई लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ी के नाम वाली जर्सी खरीदते नजर आए।