logo

JSCA: एसके बेहरा पर सवाल तो देवाशीष चक्रवर्ती ने मचाया धमाल

JSCA-Stadium-3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) का चुनाव धीरे धीरे अपना रंग पकड़ने लगा है। जोड़-तोड़, तोड़-जोड़ का सारा खेल शुरू है। इस बीच वर्षों से जेएससीए के सचिव रहे देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा ने आज निर्दलीय पर्चा भर कर दोनों ही टीमों का टेंशन बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार एसके बेहरा की टीम इस बार पिंटू दा को सेक्रेट्री की जगह कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ाने की गुजारिश की थी। आज जब उन्हें कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने को कहा गया तो वह बैठक से निकल लिए। बाद में उन्होंने सचिव पद के लिए निर्दलीय पर्चा भर दिया। जानकारों का मानना है कि पिंटू दा के नामांकन से दोनों ही टीमों का टेंशन बढ़ गया है। मालूम हो कि बेहरा की टीम से एसबी सिंह सचिव पद के प्रत्याशी हैं तो अजय नाथ शाहदेव की टीम से क्रिकेट खिलाड़ी सौरभ तिवारी। वर्षों तक जेएससीए के सचिव रहने के कारण पिंटू दा की भी अपनी अलग पकड़ है।


इधर जेएससीए के चुनाव में अचानक सक्रिय होकर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एसके बेहरा को लेकर भी सवाल खड़ा किया जाने लगा है। जेएससीए की बैठकों से हमेशा अपनो को दूर रखनेवाले बेहरा, इस बार सीधा अध्यक्ष पद के लिए ही कूद पड़े हैं।उनका झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के विकास में उनके योगदान को ढूंढा जाने लगा है। जमशेदपुर में बच्चों के लिए क्रिकेट के प्रशिक्षण के अलावा उनका कोई महत्वपूर्ण योगदान सामने नहीं दिखता है।  हालांकि चुनाव में बेहरा का खनक बोल रहा है। बड़ा उद्योगपति होने के कारण वह कईयों को प्रभावित करने में सक्षम बताए जा रहे हैं। लेकिन जेएससीए के चुनाव में पैसा से कहीं अधिक प्रभाव और पकड़ बोलता है। इसका पूर्वोदाहरण रहा है। जब गृहमंत्री के पद पर रहते हुए चुनाव लड़नेवाले सुदेश कुमार महतो को अमिताभ चौधरी ने कड़ी शिकस्त दी थी।
जेएससीए में कब कौन दोस्त का दुश्मन हो जाएगा, यह भी इस चुनाव में परिलक्षित हुआ है। पिछली बार कंट्री क्रिकेट क्लब के चुनाव में अजय नाथ शाहदेव और सुनील साहु दो ध्रुव पर खड़े रहे थे। सुनील साहु की पूरी टीम हार गयी थी। लेकिन इस बार व्यवसायी सुनील साहु विरोधी रहे अजय नाथ शाहदेव के साथ मजबूती से खड़े हैं। हालांकि सुनील साहु इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। दिलचस्प रूप से डिप्टी मेयर के चुनाव में आमने-सामने रहे अजय नाथ शाहदेव और शिव कुमार सिंह, इस चुनाव में भी आमने सामने हैं। शिव कुमार सिंह बेहरा के साथ हैं तो अमिताभ चौधरी के करीबी रहे कांग्रेस नेता निरंजन शर्मा भी बेहरा के साथ। लेकिन अमिताभ चौधरी के करीबी रहे डॉ नरेंद्र सिन्हा अजय नाथ शाहदेव के साथ हैं।

Tags - jscaelectiondebashish chakrawartisk behraajay nath shahdeo