द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ विदेश दौरे पर हैं। दावोस यात्रा के बाद दोनों लंदन पहुंचे, जहां उनका स्वागत झारखंडी भाषा के पारंपरिक गीतों से किया गया। विदेश की धरती पर अपनी मिट्टी की धुन सुनकर माहौल भावनात्मक हो उठा। स्वागत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भी गीतों की लय में आनंद लेते नजर आए। लंदन में रह रहे झारखंड के लोगों ने पूरे उत्साह और अपनत्व के साथ मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर झारखंड की संस्कृति और परंपराओं की झलक साफ देखने को मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पल को साझा करते हुए लिखा है कि अभिभूत हूं, निशब्द हूं। देर रात लंदन पहुंचने पर अपनों द्वारा हुए स्वागत से अभिभूत हूं। आप सबका धन्यवाद जोहार। कल्पना सोरेन ने इस पल को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि दुनिया के किसी भी कोने में रहें, हम अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत को गर्व के साथ संजोकर रखते हैं। हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है। उन्होंने यह भी बताया कि हेमंत सोरेन और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ वे देर रात लंदन पहुंचीं, जहां झारखंड के स्कॉलर्स और डायसपोरा के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संदेश दिया। “सभी को झारखंडी जोहार!”
दुनिया के किसी भी कोने में हों, हम अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत को गर्व के साथ संजोए रखते हैं।हमारी संस्कृति से ही हमारी पहचान है। @HemantSorenJMM pic.twitter.com/JF7LygvwZc
— Kalpana Murmu Soren (@JMMKalpanaSoren) January 22, 2026
