logo

झारखंड में 15-16 को भी तेज आंधी का अलर्ट, वज्रपात-बारिश को लेकर चेतावनी; 19 मई तक यही हाल 

RAIN_AI.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के कई हिस्सों में मई महीने के बीच हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रांची में बुधवार दोपहर और रात के समय करीब 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे लोगों को कुछ परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बुधवार को राज्य में सबसे अधिक 20 मिमी बारिश चाईबासा में रिकॉर्ड की गई। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 36 डिग्री, बोकारो में 34.1 डिग्री और चाईबासा में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 15 मई को गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, वज्रपात और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

16 मई को रांची समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका

16 मई को राजधानी रांची समेत पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में तेज आंधी, गर्जन और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

19 मई तक मौसम रहेगा खराब, सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 19 मई तक राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना बनी रहेगी। 17 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में खराब मौसम का असर दिख सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे रुकने से बचें तथा बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें।

 

Tags - Jharkhand Weather News Rain Alert Thunderstorm Orange Alert Yellow Alert IMD Monsoon Update India News